इंदौर, 26 जून (Udaipur Kiran) । इंदौर में गुरुवार को एक अहम राजनीतिक गतिविधि देखने को मिली, जब केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्य के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने एक बंद कमरे में करीब 18 मिनट तक चर्चा की। इस मुलाकात के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर कमरे के बाहर इंतजार करती रहीं।
यह चर्चा इंदौर स्थित भारतीय सोयाबीन अनुसंधान केंद्र में हुई, जहां शिवराज सिंह चौहान एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। बातचीत के विषय को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इस गोपनीय मुलाकात को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि बाहर आने के बाद मीडिया द्वारा सवाल किए जाने पर विजयवर्गीय ने इसे ‘सामान्य भेंट’ बताया।
मुलाकात के दौरान विधायक मधु वर्मा, मनोज पटेल और भाजपा नेता सावन सोनकर पास के एक अन्य कमरे में मौजूद थे, जबकि केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर को बाहर इंतजार करने को कहा गया। सूत्रों के अनुसार, जब अधिकारियों ने शिवराज को इस बात की जानकारी दी कि ठाकुर बाहर प्रतीक्षा कर रही हैं, तो उन्हें कुछ समय और इंतजार करने को कहा गया।
दरअसल, शिवराज सिंह चौहान और कैलाश विजयवर्गीय ने भारतीय जनता युवा मोर्चा में साथ काम करते हुए अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। विजयवर्गीय ने राज्य स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत की, जबकि चौहान राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय होते गए और बाद में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। जब 2003 में भाजपा की जीत के बाद उमा भारती की सरकार बनी तो विजयवर्गीय को मंत्रिमंडल में स्थान मिला। लेकिन उमा भारती के इस्तीफे के बाद राजनीतिक समीकरण बदले और नवंबर 2005 में चौहान मुख्यमंत्री बनाए गए।
यहीं से दोनों नेताओं के बीच की दूरी बढ़ने लगी। पार्टी के अंदर उभरते मतभेदों को नियंत्रित करने के लिए विजयवर्गीय को राष्ट्रीय महासचिव बनाकर दिल्ली भेजा गया। यह फैसला भाजपा नेतृत्व द्वारा यह सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया कि मध्य प्रदेश में शिवराज की पकड़ बनी रहे और अंदरूनी संघर्षों को टाला जा सके।
इंदौर में शिवानी हर्षित गुप्ता ने शिवराज को हाथ से बनी पेंटिंग गिफ्ट की। शिवानी ने बताया कि शिवराज सिंह जब मुख्यमंत्री थे तब उन्होंने स्वरोजगार योजना लोन लेकर बुटीक का काम शुरू किया था। शिवानी ने 2014 में पांच लाख का लोन लिया था। आज वह पांच करोड़ का प्रोजेक्ट डाल रही है।
(Udaipur Kiran) तोमर