मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा के प्रदेश वीडी शर्मा ने प्रोफेशनल मीट को किया संबोधित
भोपाल, 20 जून (Udaipur Kiran) । भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में शुक्रवार को बीजेपी जिला इकाई ने प्रोफेशनल्स मीट का आयोजन किया।कार्यक्रम की शुरूआत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने ‘‘एक पेड़ मां के नाम‘‘ अभियान के तहत पौधा रोपकर प्रोफेशनल मीट को संबोधित किया।
कार्यक्रम काे संबाेधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने कार्यों से दुनिया को बता दिया कि भारत अपने मूल स्वभाव से समझौता नहीं करता। उन्हाेंने कहा कि प्रधानमंत्री माेदी ने भरत को हर कार्य के लिए दुनिया की तरफ देखने की आदत को बदला है। अब भारत रक्षा उपकरणों सहित हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश बहुत तेजी से हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। पहले देश हर कार्य के लिए विदेशों की तरफ ताकता था, लेकिन प्रधानमंत्री ने स्वदेशी को बढ़ावा देकर ‘मेड इन इंडिया’ के तहत रक्षा उपकरणों सहित हर क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। इतना ही नहीं भय मुक्त भारत बनाने के लिए भी कार्य कर रहे हैं।ऑपरेशन सिंदूर में दुश्मन को घर में घुसकर मारकर दुनिया में भारत का डंका बजाया है।
मुख्यमंत्री डाॅ यादव ने कहा विश्व में दो देश हमसे एक पायदान पहले थे। एक अमेरिका पर वो थोड़ा दिमाग लगाता है ज्यादा। लेकिन, एक इजराइल जो भड़ाम-भड़ाम ठोकता है, बाद में हैं सोचता है। कोई उसके माथे ही नहीं आता है, कोई लड़ता ही नहीं। आप पूरे नक्शे पर देखिए। रूस अकल दे रहा अमेरिका को। अमेरिका किसी और से बात कर रहा है। आपने कभी देखा कि इजराइल किसी से बात कर रहा। वो इधर-उधर उड़ाता है प्लेन। नहीं उड़ाता तो गाजा में जाकर गिरा देता। शुरुआत गाजा से ही हुई थी।
प्रधानमंत्री राजनीति से भ्रष्टाचार और परिवारवाद को समाप्त कर रहे: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 2014 से पहले भारतीय राजनीति में भ्रष्टाचार और परिवारवाद चरम पर था। प्रधानमंत्री राजनीति से भ्रष्टाचार और परिवारवाद को समाप्त कर रहे हैं। पहले दुनिया के लोग भारत को कमजोर और गरीब देश के रूप में देखते थे। आज विश्व भर के देशों का भारत के प्रति नजरिया बदला है। प्रधानमंत्री ने देश की सेनाओं को खुली छूट दी, सेनाओं को सशक्त किया। पहले देश में टुकड़े-टुकड़े गैंग बहुत सक्रिय था। अलगाववाद, नक्सलवाद और आतंकवाद की गतिविधियां होती रहती थी, लेकिन प्रधानमंत्री के कार्यों और नीतियों से नक्सलवाद और आतंकवाद को लगभग समाप्त कर दिया है।
प्रधानमंत्री सभी वर्गों के कल्याण के साथ सशक्त भारत बना रहे हैं – वीडी शर्मा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के कार्यों को पूरा करने में आप सभी प्रोफेशनल्स की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 11 वर्षों में प्रोफेशनल्स का असली इंपावरमेंट किया गया है। प्रधानमंत्री ने देश के सभी वर्गों के कल्याण के साथ देश को सशक्त बनाने का कार्य किया है। चुनौतियों का समाधान निकालकर देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि आप सभी प्रोफेशनल्स देश की प्रगति के बड़े भागीदार हैं। प्रधानमंत्री ने गति शक्ति के माध्यम से इंफ्रास्ट्रक्चर में क्रांति लाने के साथ कई परिवर्तनकारी कार्य किए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विकसित भारत बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनने के लिए कार्य कर रहे हैं। दुनिया भर में एक परसेप्शन बन गया था कि भारत में भ्रष्टाचार होता है। प्रधानमंत्री ने देश को लेकर बने इस परसेप्शन को पूरी तरह से बदलने का कार्य किया है। आजादी के बाद वर्षों तक देश में शासन करने वाली पार्टी के नेता और देश के तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी ने ऑन रिकॉर्ड कहा था कि मैं दिल्ली से एक रूपए क्षेत्र में भेजता हूं तो जनता तक 15 पैसे पहुंचते हैं। आखिर देश में वर्षों तक शासन करने वाली पार्टी के नेता और देश के तत्कालीन प्रधानमंत्री ऐसी बातें कहते हैं तो भ्रष्टाचार समाप्त करने की जिम्मेदारी किसकी थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2014 में प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद जनधन खाते खुलवाए और डायरेक्ट बेनीफिट योजना के तहत भ्रष्टाचार को पूरी तरह से समाप्त करने का कार्य किया है। डिजिटल इंडिया को देश भर में लागू करके देश में होने वाले भुगतान का 49 प्रतिशत डिजिटली कराने का रिकार्ड भी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बना है।
—————
(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे