कोलकाता, 27 जून (Udaipur Kiran) । वैंकुवर से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान को कोलकाता से उड़ान भरने के करीब 25 मिनट बाद वापस लौटना पड़ा। इसकी वजह एक यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ना बताया गया है। एअर इंडिया के एक अधिकारी ने आज सुबह यह जानकारी दी।
इस अधिकारी के अनुसार, उड़ान संख्या एआई 186 वैंकुवर से कोलकाता होते हुए दिल्ली जा रही थी। विमान में कुल 162 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। कोलकाता में इसका पहले से तय एक तकनीकी ठहराव था, जो इन दिनों पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र के बंद होने जैसे भू-राजनीतिक हालात के चलते कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के मार्ग बदलने के कारण जरूरी हो गया है।कोलकाता से उड़ान भरने के करीब 25 मिनट बाद विमान को वापस लौटना पड़ा।
एअर इंडिया अधिकारी ने बताया कि विमान ने शाम 6:20 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी और यात्री की तबीयत बिगड़ने के बाद उड़ान को एहतियातन वापस बुला लिया गया। विमान शाम सात बजे के बाद कोलकाता हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरा।
एअर इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार, जिस यात्री की तबीयत बिगड़ी, उसे तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए पायलटों ने लैंडिंग से पहले डॉक्टर और एम्बुलेंस की व्यवस्था करने का अनुरोध किया। बीमार यात्री को विमान से उतारने के बाद फ्लाइट रात 8:30 बजे कोलकाता से दिल्ली के लिए रवाना हुई। रात करीब 11:45 दिल्ली हवाई अड्डे पर फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग हुई। प्रवक्ता ने बताया है कि एअर इंडिया ने इस दौरान सभी प्रोटोकॉल का पालन किया गया। बीमार यात्री को समय पर चिकित्सा सहायता प्रदान की गई।
—————
(Udaipur Kiran) / मुकुंद
You may also like
बीटीसी चुनाव की तैयारियों में जुटे राजनीतिक दल
चंद्रशेखर आजाद ने शहादत दे दी, पर अंग्रेजों के हाथ न आये, यह देश प्रेम की है पराकाष्ठा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
(अपडेट) स्थानीय स्तर पर रोजगार की संभावनाओं के लिए तैयार करें पाठ्यक्रम : राज्यपाल पटेल
झाबुआ: टास्क फोर्स समिति ने विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर पैसा कानून एवं वन अधिकारों के दावों पर स्थल निरीक्षण किया
चंद्रशेखर आजाद की स्मृति में हुई चित्रकला प्रतियोगिता, सोनाली को मिला प्रथम स्थान