Next Story
Newszop

शिबू सोरेन के निधन से बिहार के सियासी गलियारे में भी शोक की लहर, नीतीश-लालू ने जताया दुख

Send Push
पटना: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) संस्थापक शिबू सोरेन के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, 'उनके साथ हमारे घनिष्ठ संबंध थे।'





नीतीश कुमार ने भी जताया दुख

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि 'शिबू सोरेन एक प्रख्यात राजनेता थे। वे तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री रहे थे। झारखंड की राजनीति में उनका अहम योगदान रहा है। उनके निधन से न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।'







शिबू सोरेन के निधन पर लालू बोले- दुखद

राजद प्रमुख ने सोमवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि शिबू सोरेन दलितों और आदिवासियों के महान नेता थे। यह गहरे दुख की बात है कि वह हमारे साथ अब नहीं है। हम उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। मेरी ओर से उनके परिवार को संवेदना है।नीचे सुनिए क्या कहा राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने...





शिबू सोरेन का निधन

शिबू सोरेन, जिन्हें 'दिशोम गुरु' के नाम से भी जाना जाता था। उनका निधन 4 अगस्त को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में हुआ। वे 81 वर्ष के थे और लंबे समय से किडनी की बीमारी तथा ब्रेन स्ट्रोक के कारण आईसीयू में भर्ती थे। उनके निधन पर झारखंड के मुख्यमंत्री और उनके बेटे हेमंत सोरेन ने भी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा, 'आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं। आज मैं शून्य हो गया हूं।'





डेप्युटी सीएम सम्राट चौधरी ने भी जताई संवेदना

बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने वंचित समाज के उत्थान के लिए किए गए उनके संघर्ष को याद करते हुए लिखा, 'झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक शिबू सोरेन के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। वंचित समाज के उत्थान के लिए उनके द्वारा किए गए संघर्ष सदैव स्मरण रहेगा। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों तथा शुभचिंतकों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।'





JDU ने भी जताई संवेदना

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रवक्ता नीरज कुमार ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि शिबू सोरेन न केवल एक राजनेता थे, बल्कि उन्होंने आदिवासी समुदाय के लोगों को संगठित किया। उन्होंने इस समुदाय को राजनीतिक ताकत में बदलकर राष्ट्रीय राजनीति में उनकी सामाजिक पहचान स्थापित की। नीरज कुमार ने इसे एक दुखद घटना बताते हुए प्रार्थना की कि भगवान उनकी आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें।

Loving Newspoint? Download the app now