Next Story
Newszop

Tonk के इस इलाके में आबादी के पास बना कचरा डिपो बना लोगों की मुसीबत, पढ़ाई पर भी पड़ रहा असर

Send Push

देवली उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत देवली के ग्रामीण पिछले काफी समय से देवली नगर पालिका के कचरा संग्रहण डिपो से काफी परेशान हैं। लोगों ने जिला प्रशासन से इस डिपो को आबादी से दूर स्थानांतरित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि नगर पालिका देवली का कचरा संग्रहण डिपो एक दशक से भी अधिक समय से देवली रोड के पास पनवाड़ ग्राम पंचायत क्षेत्र में सरकारी भूमि पर बना हुआ है। इसमें प्रतिदिन काफी मात्रा में कचरा आता है। इस कचरे में मृत मवेशी भी मिलते हैं।

गीला कचरा धुंआ करके जलता रहता है
इसके निस्तारण की कोई व्यवस्था विकसित नहीं की गई है। इसमें आग लगा दी जाती है। इससे कचरा गीला हो जाता है और धुंआ करके धीरे-धीरे जलता रहता है। हवा के रुख के अनुसार धुंआ इधर-उधर फैलता रहता है। जब हवा का रुख आबादी क्षेत्र की ओर होता है तो कचरे की दुर्गंध से लोगों का जीना दूभर हो जाता है। इससे पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है। साथ ही कई प्रकार की बीमारियां फैलने की आशंका बनी रहती है।

बच्चों की पढ़ाई हो रही प्रभावित कचरा डिपो के पास ही स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल संचालित है जिसमें छोटे बच्चे पढ़ते हैं, वे भी इससे परेशान हैं। बच्चों व स्कूल स्टाफ को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनकी पढ़ाई भी बाधित हो रही है। इस मामले को लेकर कई बार नगरपालिका प्रशासन व एसडीएम को भी अवगत कराया जा चुका है, लेकिन इससे कोई राहत नहीं मिली है। पनवाड़ क्षेत्र के लोगों के लिए यह नासूर बन गया है। 

ग्रामीणों ने बताया कि देवली नगरपालिका के अलावा अन्य पंचायतों से भी यहां कचरा डाला जा रहा है और कचरे को ढककर नहीं लाया जा रहा है। इससे पीछे चल रहे राहगीरों पर कचरा व प्लास्टिक उड़ता हुआ नजर आता है। जिससे कई बार वाहन चालक गिरकर चोटिल हो चुके हैं। कई बार कचरा संग्रहण वाहन चालक कचरा डिपो में न डालकर सड़क पर ही डाल देते हैं। ग्रामीण पनमाल ने बताया कि यदि जल्द ही इस कचरा संग्रहण डिपो को अन्य स्थान पर शिफ्ट नहीं किया गया तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

Loving Newspoint? Download the app now