जयपुर। राजधानी जयपुर में शुक्रवार रात बड़ा हादसा हो गया। सुभाष चौक सर्किल स्थित बाल भारती स्कूल के पीछे बनी चार मंजिला जर्जर हवेली अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे में सात लोग मलबे में दब गए। इनमें से चार को रेस्क्यू कर सकुशल बाहर निकाल लिया गया, जबकि पिता और उनकी छह वर्षीय पुत्री की मौत हो गई। एक अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार हादसा शुक्रवार आधी रात करीब 12 बजे हुआ। मलबे में दबे प्रभात (33) और उनकी बेटी पीहू (6) की मौके पर ही मौत हो गई। प्रभात की पत्नी सुनीता (25) घायल हुई है, जिसे गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह तीनों शुक्रवार रात से मलबे में दबे थे और शनिवार सुबह करीब सात बजे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद बाहर निकाले जा सके। स्थानीय निवासियों के मुताबिक यह हवेली काफी पुरानी और जर्जर अवस्था में थी, जो चूने से बनी हुई थी। बताया जा रहा है कि हवेली में करीब 20 लोग किराये पर रहते थे, जो सभी पश्चिम बंगाल से आकर यहां बसे थे।
हादसे की सूचना पर सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। रातभर चला अभियान सुबह तक जारी रहा। मौके पर एसीपी माणक चौक पीयूष कविया, रामगंज थानाधिकारी सुभाष कुमार और सुभाष चौक थानाधिकारी लिखमाराम पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
-
You may also like
Rajasthan: अब किरोड़ी लाल मीणा के इस कदम से चौंक गए सभी
मीका सिंह की संपत्ति: 99 घरों के मालिक और निवेश के टिप्स
विक्रम भट्ट की मां का निधन: फिल्म निर्माता पर दुखों का साया
जीएसटी में सुधार से देश के 140 करोड़ देशवासियों काे बड़ी राहतः अश्विनी वैष्णव
अडानी पावर ने ड्रुक ग्रीन के साथ 570 मेगावाट की हाइड्रोपावर के लिए किया समझौता, 6 हजार करोड़ रुपये का होगा निवेश